स्व. अर्जुन सिंह चौहान के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता: उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल रीवा में आयोजित स्व. अर्जुन सिंह चौहान की श्रृद्धांजलि सभा में हुए शामिल

भोपाल। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि स्व. अर्जुन सिंह चौहान के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। वह वरिष्ठतम नेता थे उन्होंने एक-एक ईट रखकर रीवा को विकास के पथ पर अग्रसर किया। उप मुख्यमंत्री रीवा में आयोजित स्व. अर्जुन सिंह चौहान की श्रद्धांजलि सभा में सम्बोधित कर रहे थे।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि स्व. चौहान बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में काम किया तथा अधिक उम्र में भी सक्रिय बने रहे। उनकी विकास पर्व व अन्य आयोजनों में सक्रिय भागीदारी रहती थी। वह हर खुशी के पल को जीभर कर जीते थे और नाचकर अपनी खुशी जाहिर करते थे।
श्री शुक्ल ने कहा कि स्व. चौहान ही पुराने समय के वह नेता थे जिनकी राज्य स्तर पर पहचान थी। उन्होंने रीवा सहित प्रदेश के विकास में अपना योगदान दिया। उनकी यादें शेष हैं जिन्हें संजोकर रखना होगा और उनके बताये रास्ते पर चलकर देश को उन्नतिशील राष्ट्र बनाने का संकल्प लेना होगा। इस दौरान विधायक मनगवां इंजी. नरेन्द्र प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता सहित वरिष्ठजन उपस्थित रहे।